IND vs NZ 1st T20I : अभिषेक शर्मा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रन से हराया
नई दिल्ली। IND vs NZ 1st T20I : सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने बुधवार (21 जनवरी) को खेले गए पहले टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 48 रन से शिकस्त देकर सीरीज की धमाकेदार शुरुआत की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 238 रन बनाए, जो कि टी20 क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
अभिषेक शर्मा की विस्फोटक पारी
भारतीय पारी के हीरो रहे अभिषेक शर्मा, जिन्होंने महज 35 गेंदों में 84 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के निकले। शुरुआती ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों के आक्रामक रवैये ने कीवी गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
टीम इंडिया ने सिर्फ 8.4 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए थे, जिससे लग रहा था कि भारत 250 रन का आंकड़ा भी पार कर सकता है, लेकिन मिडिल ओवरों में विकेट गिरने से टीम इस मुकाम तक नहीं पहुंच सकी।
250 से चूकी टीम इंडिया
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत की, लेकिन अंतिम ओवरों में नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से स्कोर 238 तक ही सिमट गया।
रन चेज में न्यूजीलैंड की लड़खड़ाहट
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरी गेंद पर ही डेवोन कॉनवे (0)आउट हो गए। इसके बाद रचिन रवींद्र (1) भी जल्दी पवेलियन लौटे। तीसरे विकेट के रूप में टिम रॉबिन्सन (21) आउट हुए। संकट के समय ग्लेन फिलिप्स ने मोर्चा संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की।
ग्लेन फिलिप्स की पारी बेकार
ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों में 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से 78 रन बनाए, लेकिन 14वें ओवर में उनके आउट होते ही न्यूजीलैंड की जीत की उम्मीद लगभग खत्म हो गई।
गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। वरुण चक्रवर्ती ने 2 विकेट और शिवम दुबे को भी 2 विकेट मिले। न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन ही बना सकी।
भारत को मिली बड़ी जीत
इस तरह टीम इंडिया ने पहला टी20 मुकाबला 48 रन से अपने नाम कर सीरीज में बढ़त बना ली।
