CG News : गणतंत्र दिवस पर कलेक्ट्रेट में आत्मघाती प्रयास, बर्खास्त नगर सैनिक ने खाया जहर
कोरबा । CG News : गणतंत्र दिवस के मौके पर कोरबा ज़िले से एक सनसनीखेज़ और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बर्खास्त नगर सैनिक संतोष पटेल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में ज़हर सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। गंभीर अवस्था में संतोष पटेल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सुसाइड नोट में अधिकारियों पर गंभीर आरोप
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें संतोष पटेल ने कोरबा कमांडेंट और डिवीजनल कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। नोट में लिखा गया है कि न केवल उसे, बल्कि अन्य नगर सैनिकों को भी लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। शिकायत करने के बावजूद उच्च अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया।
बर्खास्तगी से था मानसिक तनाव में
बताया जा रहा है कि संतोष पटेल अपनी बर्खास्तगी से काफी परेशान था। इसी तनाव के चलते उसने गणतंत्र दिवस को अपने जीवन का अंतिम दिन मानते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज़हर सेवन कर लिया।
पहले भी हो चुके हैं आंदोलन
गौरतलब है कि कोरबा में पदस्थ कमांडेंट के खिलाफ महिला व पुरुष नगर सैनिकों द्वारा पहले भी कई बार आंदोलन किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई निर्णायक कार्रवाई नहीं होने से आक्रोश बढ़ता गया। आरोप है कि विरोध करने वाले नगर सैनिकों को और अधिक प्रताड़ित किया गया।
माहौल तनावपूर्ण
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में नगर सैनिक जिला अस्पताल पहुंच गए। साथी जवान के आत्मघाती प्रयास से उनमें भारी आक्रोश है। प्रशासनिक अधिकारी स्थिति संभालने और चिकित्सक संतोष पटेल के उपचार में जुटे हुए हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सुसाइड नोट के आधार पर पूरे प्रकरण की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
