CG News : नदी में तैरती मिली दो सगी बहनों की लाश
Oplus_131072
केशकाल। CG News : कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अड़ेंगा में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नदी में दो सगी बहनों की लाश पानी में तैरती हुई मिली। मृतकाएं पिछले दो दिनों से लापता थीं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
साप्ताहिक बाजार से आने के बाद हुई थीं लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका बृजबति गावड़े (57 वर्ष) और मनाय बाई (55 वर्ष) अपने मायके डोहलापारा आई हुई थीं। रविवार शाम वे साप्ताहिक बाजार गई थीं, लेकिन वहां से लौटने के बाद वे घर नहीं पहुंचीं। परिजनों ने दो दिनों तक आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों में उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला।
नदी के किनारे मिली लाश
मंगलवार को ग्रामीणों ने अड़ेंगा नदी के किनारे पानी में दो शवों को तैरते हुए देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस और परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उनकी पहचान दोनों बहनों के रूप में की। घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शवों को पानी से बाहर निकलवाया।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम का इंतजार
केशकाल पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए केशकाल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
