ग्राम अमेरा हत्याकांड का खुलासा: 12 घंटे में पुलिस ने की हत्या की गुत्थी सुलझाई

0 नाबालिग लड़की गिरफ्तार
पलारी, 13 अगस्त (देशदुनिया)। ग्राम अमेरा में 12 अगस्त की सुबह हुई हत्या की वारदात को लेकर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करते हुए एक अपचारी बालिका (नाबालिग लड़की) को गिरफ्तार किया है। आरोपी नाबालिग ने खुद कबूल किया है कि उसने ही धारदार टंगिया से हमला कर पुरुषोत्तम यादव की हत्या की थी।
हत्या के पीछे का कारण बना घरेलू तनाव
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक अक्सर आरोपी बालिका को डांटता था और मोबाइल फोन पर बात करने से मना करता था। इसी बात को लेकर नाराज़ और आक्रोशित होकर बालिका ने घर में रखे लोहे की टंगिया से मृतक के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली।
घटना की जानकारी मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
12 अगस्त को सुबह 10 से 12 बजे के बीच की इस घटना की जानकारी मिलते ही थाना पलारी पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की लाश उसके घर के बरामदे में खून से लथपथ हालत में पाई गई। अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 289/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
एफएसएल टीम और मनोवैज्ञानिक पूछताछ से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई। साथ ही मृतक के पड़ोसियों, रिश्तेदारों और जानकारों से पूछताछ की गई। इस दौरान एक बालिका की हरकतें संदिग्ध लगीं, जो बार-बार बयान बदल रही थी। पुलिस ने जब उससे मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
न्यायालय में पेशी की तैयारी
पुलिस ने आरोपी बालिका को 13 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उसे बाल न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
0
