RAIPUR NEWS : भनपुरी फायर कांड: धुएं के गुबार से काला हुआ आसमान, फैक्ट्री के भीतर ‘धमाकों’ की आहट, दहशत में पूरा इलाका
RAIPUR NEWS : रायपुर। राजधानी रायपुर का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र भनपुरी शनिवार को एक भीषण अग्निकांड का गवाह बना। यहाँ स्थित एक वायर (तार) फैक्ट्री में लगी आग ने देखते ही देखते ऐसा विकराल रूप धारण किया कि अब उस पर काबू पाना दमकल विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें 3 किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रही हैं।
जब फैक्ट्री बनी आग का दरिया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह अचानक फैक्ट्री के एक हिस्से से धुआं निकलना शुरू हुआ, जो चंद मिनटों में ही आग के शोलों में बदल गया। फैक्ट्री में भारी मात्रा में कच्चा माल और ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया है।
ग्राउंड जीरो से मुख्य अपडेट्स
मौके पर 5 से अधिक दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक है कि पानी की बौछारें भी बेअसर साबित हो रही हैं। भनपुरी मार्ग पर यातायात को पूरी तरह रोक दिया गया है। पुलिस ने आसपास की अन्य फैक्ट्रियों को भी एहतियातन खाली करा लिया है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
