CG Weather News: छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड, कई जिलों में गिरेगा तापमान; बारिश को लेकर ताजा अपडेट
CG Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड बढ़ सकती है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में रात और सुबह का तापमान गिरने की संभावना है।
इन इलाकों में ज्यादा ठंड
मौसम विभाग ने बताया कि, सरगुजा संभाग और आसपास के जिलों में अगले 3 दिनों के भीतर तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे इन इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी। वहीं, रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग में अगले 4 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। यहां मौसम सामान्य बना रहेगा।
कैसा रहा बीते दिन का मौसम?
बुधवार को प्रदेश में तापमान इस प्रकार रहा- सबसे अधिक तापमान 31°C (दुर्ग और जगदलपुर), सबसे कम तापमान 10.8°C (अंबिकापुर), राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30°C रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था। न्यूनतम तापमान 16.1°C दर्ज किया गया।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
रायपुर और आसपास के जिलों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिल रहा है। दिन का तापमान करीब 31°, रात का तापमान लगभग 15°C रहने की संभावना है। आने वाले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश में हल्की ठंड और हल्की गर्मी का मिला-जुला असर रहेगा। उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड ज्यादा रहेगी। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क और सामान्य रहेगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग की सलाह
विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े पहनें, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें, कोहरे में वाहन चलाते समय सतर्क रहें।
