CG Accident Breaking : परीक्षा देने जा रहे छात्र की दर्दनाक मौत, बाइक अनियंत्रित होकर गिरी
अंबिकापुर: CG Accident Breaking : सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। आज 12वीं बोर्ड की परीक्षा के पहले ही दिन एक छात्र की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, बेलकोटा निवासी निशांक एक्का अपने साथी अनिकेश तिवारी (निवासी झेराडीह) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर 12वीं बोर्ड का पहला पेपर देने केंद्र की ओर जा रहे थे। बतौली थाना क्षेत्र के शांतिपारा के पास अचानक मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सड़क पर करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई।
एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर
इस दर्दनाक हादसे में निशांक एक्का की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठा छात्र अनिकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है।
परीक्षा के उत्साह के बीच पसरा मातम
आज से 12वीं की बोर्ड परीक्षा शुरू हुई है। दोनों छात्र भविष्य के सपने संजोए परीक्षा केंद्र की ओर निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बतौली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
