RAIPUR NEWS : रायपुर में चलती कार में लगी आग, यात्रियों ने ऐसे बचाई जान

0
IMG_20260209_125345_441

RAIPUR NEWS : रायपुर: राजधानी के तेलीबांधा में रविवार की रात उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक चलती कार अचानक ‘धधकती मशाल’ में तब्दील हो गई। रिंग रोड स्थित अग्रसेन चौक के पास हुई इस खौफनाक घटना ने राहगीरों के रोंगटे खड़े कर दिए। गनीमत रही कि कार सवारों ने समय रहते खतरे को भांप लिया और जैसे ही इंजन से लपटें उठीं, उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए बीच सड़क पर ही कार से छलांग लगा दी। देखते ही देखते कार पूरी तरह आग का गोला बन गई।

हादसे का शिकार हुए सभी यात्री पड़ोसी राज्य झारखंड के निवासी बताए जा रहे हैं, जो अपनी सुमो ग्रैंड कार से रायपुर से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफर के दौरान अचानक गाड़ी के बोनट से गहरा धुआं निकलने लगा। जब तक चालक वाहन को किनारे लगा पाता, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। यात्रियों की त्वरित सूझबूझ और सही समय पर कार से बाहर निकलने के फैसले ने एक बड़ी जनहानि को टाल दिया।

घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही आग कार के हर हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थी। भीषण लपटों के कारण सुमो ग्रैंड पूरी तरह जलकर खाक हो गई और लोहे के ढांचे (कबाड़) में बदल गई। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने ट्रैफिक को रोक दिया था। आग बुझाने के बाद क्रेन की सहायता से जले हुए वाहन को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

फिलहाल, प्रारंभिक जांच में कार में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed